हल्द्वानी में एसएसपी पीएन मीणा को ज्ञापन सौंपने के बाद वार्ता करते व्यापारी। अमर उजाला
हल्द्वानी। ड्रग्स, नशीले इंजक्शन और सट्टे के खिलाफ पुलिस की मुहिम में व्यापार मंडल पूरा समर्थन देगा। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रतिनिधियों ने यह मांग एसएसपी पीएन मीणा से उनके कार्यालय में जाकर उठाई। व्यापारियों ने कहा कि बाजार में ऐसे दुकानदारों का व्यापार मंडल कभी समर्थन नहीं करता है जो दुकान के आगे किराया लेकर ठेले, फड़ लगवा रहे हैं।
प्रदेश महामंत्री राजेंद्र फर्सवान और सरंक्षक प्रकाश हरबोला के नेतृत्व में व्यापारियों एसएसपी से मुलाकात की। कहा कि जिले में ड्रग्स, अवैध शराब, सट्टा, नशीले इंजेक्शन का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है। इसकी रोकथाम के लिए आपराधिक तत्वों की धरपकड़ और सत्यापन अभियान में तेजी जरूरी है। त्योहार के मद्देनजर मुख्य बाजारों में व्यापारियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए सादी वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार में दुकान के आगे किराये के ठेले लगाने वालों पर सख्ती की मांग उठाई। एसएसपी पीएन मीणा ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि जिले को नशामुक्त बनाना उनका लक्ष्य है। इस दौरान संरक्षक भगवान सहाय, संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता, सह संयोजक देवेश अग्रवाल, प्रमोद गोल्डी, राकेश गुप्ता आदि रहे।