हल्द्वानी के खानचंद मार्केट में कई माह से घूम रहे मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की हरकतों से व्यापारी और राहगीर परेशान हैं। व्यापारियों ने सोमवार को पुलिस से शिकायत कर युवक को मुख्य बाजार से हटाकर उपचार के लिए मानसिक चिकित्सालय भेजने की मांग की।
कोतवाली हल्द्वानी के सामने स्थित खानचंद मार्केट में मानसिक रूप से कमजोर युवक के व्यवहार से व्यापारी और ग्राहक परेशान हैं। व्यापारियों का कहना है कि युवक दुकानों में कूड़ा फेंकने के साथ चिल्लाकर शोर करता है, जिससे ग्राहक परेशान होकर दुकान छोड़कर चले जाते हैं। व्यापारियों ने सोमवार को एकत्र होकर पुलिस से शिकायत की और युवक को बाजार से हटाने की मांग की।
विज्ञापन
पुलिस को दी शिकायत में व्यापारियों ने बताया कि युवक कई माह से खानचंद मार्केट में घूम रहा है। आरोप है कि वह चीखने-चिल्लाने के साथ वाहनों को उठाकर फेंक देता है और दुकानों के शटर व चैनल जोर-जोर से बजाता है। व्यापारियों के अनुसार, एक-दो बार मार्केट से गुजरने वाले स्कूली बच्चों से भी मारपीट का प्रयास कर चुका है। वह खुद को भी मारता है और ईंट-पत्थर उठाकर दुकानों के शीशों पर मारकर नुकसान पहुंचा रहा है।
व्यापारियों ने पुलिस से युवक को किसी मानसिक चिकित्सालय भिजवाने की मांग की है। उनका कहना है कि युवक के व्यवहार से बाजार में आने वाले लोगों और व्यापारियों को परेशानी हो रही है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया है।