हल्द्वानी। सांड़ के हमले में व्यापारी की मौत होने पर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम के खिलाफ आक्रोश जताया। उन्होंने मेयर जोगेंद्र रौतेला को ज्ञापन सौंपा और लावारिस पशुओं से निजात दिलाने की मांग की।
युवा इकाई के जिलाध्यक्ष सौरभ भट्ट ने बताया कि जनता को हो रही परेशानी के बावजूद लावारिस पशुओं से निजात दिलाने के लिए कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बुधवार को बिठौरिया क्षेत्र में आवारा सांड़ ने व्यापारी को घायल कर दिया था। उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विपिन गुप्ता और जिला महामंत्री हर्षवर्धन पांडे ने कहा कि मृतक व्यापारी के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाए।
ज्ञापन देने वालों में जिला युवा महामंत्री मधुकर बनोला, महानगर महामंत्री मनोज जायसवाल, संगठन मंत्री उपेंद्र कनवाल, महानगर युवा अध्यक्ष पवन वर्मा, साहिल चौहान, रवि आर्या, अमित माहेश्वरी आदि उपस्थित रहे।
ट्रांसपोर्ट नगर एसोसिएशन ने हंगामा काटा
हल्द्वानी। ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी एसोसिएशन ने भी ट्रांसपोर्ट नगर के मुख्य गेट पर नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह सेठी और महामंत्री प्रदीप सब्बरवाल ने कहा कि शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में आवारा पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है। इसके लिए नगर निगम की टीम को बड़े स्तर पर कार्रवाई करनी चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में कमल जोशी, मंजीत सेठी, खीमानंद शर्मा, हाजी नफीस, लक्ष्मण सिंह नेगी, पंकज बोहरा, दलजीत सिंह कोहली, हाजी इमरान, मुकेश खन्ना, रोहित सूरी, आदि रहे। संवाद