नैनीताल और इसके आसपास के क्षेत्रों के रविवार को सैलानियों की आमद बढ़ने से पर्यटन कारोबार को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। ऐसे में कई होटल कारोबारियों ने भी पर्यटकों को होटलों में 20 फीसदी तक छूट दी है जिससे आने वाले दिनों में और अधिक पर्यटक यहां पहुंच सके। शनिवार को कुछ सैलानी यहां पहुंचे, लेकिन रविवार सुबह से ही यहां सैलानियों की आमद बढ़ने लगी। पर्यटक चिड़ियाघर, हिमालयन बॉटनिकल गार्डन, वाटरफॉल, माल रोड समेत अन्य पर्यटन स्थलों पर पहुंचे। साथ ही नौकायन का आनंद भी लिया।
बता दें पहलगाम में आतंकी हमले के बाद एकाएक कारोबार गिर गया था। इसके बाद नैनीताल में बालिका के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ। रविवार को पर्यटकों को देख उम्मीद लगाई जा रही है कि 15 मई से यहां सैलानी पहुंचेंगे।
यह बोले कारोबारी
भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव से पर्यटन कारोबार प्रभावित हुआ है। सैलानियों को कमरों में छूट दी गई है, ताकि कुछ कारोबार चल सके। उम्मीद है कि पर्यटन कारोबार बढ़ेगा।
- राजेंद्र सिंह नेगी, जीएम हैप्पी होम।
रविवार को अन्य दिनों की तुलना में पर्यटक पहुंचे है, ऐसे में उम्मीद है कि 15 मई से चलने वाले सीजन में सैलानी पहुंचेंगे। इस बार पर्यटन कारोबार को काफी नुकसान पहुंचा है।
- हर्षित राज् गुप्ता, युवा व्यवसाई।
इधर भीमताल में सैलानियों की कमी से पर्यटन कारोबार रहा प्रभावित
भीमताल में वीकेंड के बाद भी रविवार को भीमताल, नौकुचियाताल, सातताल, भवाली, मुक्तेश्वर, रामगढ़ के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों की कमी देखने को मिली। पर्यटन कारोबार प्रभावित होने से पर्यटन कारोबारी मायूस दिखे। पर्यटन कारोबारियों ने कहा कि वीकेंड में भी पर्यटकों के नहीं आने से कारोबार प्रभावित हो रहा है। भीमताल के रेस्टोरेंट संचालक पंकज उप्रेती ने कहा कि रविवार को पर्यटकों की कमी देखने को मिली। नौकुचियाताल के कार्तिक कर्नाटक ने कहा कि वीकेंड में पर्यटकों के नहीं आने से पर्यटन कारोबारी चिंतित हैं। रामगढ़ के हरेंद्र सिंह ने कहा कि इस बार के पर्यटन सीजन में पर्यटक पहाड़ की तरफ कम पहुंच रहे हैं। वहीं कैंची धाम में भी श्रद्धालुओं की संख्या वीकेंड में प्रभावित हुई है।