नैनीताल। लखनऊ से नैनीताल घूमने आए पर्यटक की शराब पीकर तबीयत बिगड़ी तो उसके दोस्तों को उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। अस्पताल में पर्यटक ने हंगामा कर रातभर अस्पताल स्टाफ को परेशान कर दिया। बृहस्पतिवार को लखनऊ निवासी सारस्वत पांडेय (20) अपने तीन दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने आया था। इस दौरान वह नैनीताल के एक होटल में रुके, जहां चारों ने पार्टी की। ज्यादा शराब पीने के कारण सारस्वत की तबीयत बिगड़ गई और वह मूर्छित हो गया। आनन फानन उसके साथी उसे लेकर बीडी पांडे अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद उसको भर्ती कर दिया। भर्ती करने के बाद रातभर युवक ने हंगामा कर दोस्तों व स्टाफ को परेशान किया। पीएमएस डॉ. टीके टम्टा ने बताया कि शुक्रवार सुबह स्वास्थ्य ठीक होने के बाद युवक को छुट्टी दे दी गई है। संवाद