तीन दिन की छुट्टी में नैनीताल उमड़ी पर्यटकों की भीड़ ने ज्योलीकोट मार्ग पर भी यातायात व्यवस्था बिगाड़ दी। रविवार को लंबा जाम लगने से परेशान पर्यटकों ने नंबर वन बैंड पर सड़क पर धरना शुरू कर दिया। बाद में समझाने पर धरना खत्म हुआ।
तीन दिन की छुट्टी के चलते नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़ का असर ज्योलीकोट मार्ग पर भी देखने को मिला। रविवार को ज्योलीकोट में लंबा जाम लगने से पर्यटक और यात्री घंटों परेशान रहे। ज्योलीकोट से आगे नंबर वन बैंड पर जाम में फंसे पर्यटकों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने सड़क पर धरना शुरू कर दिया।
विज्ञापन
पर्यटकों का आरोप था कि वे रास्ते भर खुद ही जाम खुलवाते हुए आए, लेकिन यातायात को व्यवस्थित करने के लिए कहीं भी पुलिस की व्यवस्था नजर नहीं आई। जाम में फंसे पर्यटकों ने सड़क पर बैठकर नाराजगी जताई। इससे मौके पर यातायात और प्रभावित हो गया। बाद में अन्य पर्यटकों ने धरना दे रहे लोगों को समझाया, जिसके बाद उन्होंने धरना समाप्त कर जाम खोल दिया।
नैनीताल और कैंची धाम में पर्यटकों व श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते पिछले दो दिनों से हल्द्वानी, ज्योलीकोट, भवाली और कालाढूंगी मार्ग पर यातायात का दबाव बना हुआ है। शनिवार को भी ज्योलीकोट मार्ग पर मस्जिद तिराहे से खूपी तक वाहनों की कतार लगने की जानकारी सामने आई थी।
विज्ञापन
रविवार को पुलिस ने यातायात दबाव को देखते हुए विशेष यातायात प्लान लागू किया। ज्योलीकोट हाईवे को वन-वे करते हुए पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों को वाया भीमताल भेजा गया। वहीं, जाम में फंसे पर्यटकों को कालाढूंगी-खुरपाताल मार्ग से निकाला गया। जाम में अल्मोड़ा के मेयर की गाड़ी भी फंसी रही। लगातार जाम और यातायात व्यवस्था को लेकर पर्यटकों में नाराजगी देखने को मिली।