नैनीताल। नैनीताल में ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को नगर के पर्यटन स्थल सैलानियों से गुलज़ार रहे। अधिकतर होटलों के साथ पार्किंग स्थल भी फुल हो गए जिसके चलते पुलिस ने वाहनों को रूसी बाईपास पर रोका और यहां से केवल उन्हीं वाहनों को प्रवेश दिया गया जिन सैलानियों की होटल में बुकिंग थी और होटल में पार्किंग थी। शेष पर्यटक शटल के माध्यम से नैनीताल पहुंचे।इस दौरान चिड़ियाघर, वॉटरफॉल, स्नोव्यू, बॉटनिकल गार्डन, केव गार्डन, मल्लीताल पंत पार्क, भोटिया बाजार समेत माॅलरोड पर रौनक रही। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि शिक्षण संस्थानों में ग्रीष्मकालीन अवकाश शुरू होने से पर्यटकों की आमद बढ़ी है। संवाद