नैनीताल। पर्यटकों को सस्ते दामों पर कमरा उपलब्ध कराने का लालच दे रहे फर्जी गाइडों के खिलाफ पर्यटन विभाग अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा। साथ ही होटलों के नाम पर घरों में बनाए कमरों को किराये में लगाने वालों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
बता दें कि नैनीताल में बीते कुछ समय से पर्यटकों की आवक बढ़ी है, जिसके साथ ही पर्यटन गतिविधियां बढ़ी हैं। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ता देख शहर में 100 से ज्यादा अवैध गाइड भी घूम रहे हैं। फर्जी गाइड पर्यटकों को सस्ते होटलों का लालच देकर उनको अपने घरों में बने कमरों में ले जा रहे हैं जिससे होटल स्वामियों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।
जिला पर्यटन अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि फर्जी तरीके से गाइड का काम करने वालों व घरों में अवैध रूप से पर्यटकों को किराये में ठहराने वालों के खिलाफ पालिका व पुलिस की टीम साथ मिलकर अभियान चलाएगी। साथ ही सड़क पर फर्जी तरीके से घूम रहे गाइडों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। संवाद