शहर में दो दिन पहले तक 80 रुपये किलो बिक रहे टमाटर के दाम गिर गए हैं। बृहस्पतिवार को मंगलपड़ाव सब्जी मंडी में टमाटर 60 रुपये किलो बिका। वहीं, लगातार बरसात के चलते थोक मंडी में पहाड़ से आलू कम आने की वजह से इसके दाम बढ़कर फुटकर मंडी में 15 रुपये से बढ़कर 20 रुपये किलो पहुंच गए हैं। जबकि मैदानी क्षेत्र से आने वाली हरी सब्जियों की कीमतों पर अभी बरसात का कोई असर नहीं पड़ा है।
थोक मंडी के व्यापारियों ने बताया कि टमाटर अभी मैदानी क्षेत्रों से आ रहा है। पहाड़ से टमाटर आना शुरू हो गया है। बृहस्पतिवार को पहाड़ का करीब 15 क्विंटल टमाटर आया, इसकी आवक बढ़ते ही टमाटर और सस्ता हो जाएगा। मैदानी इलाकों से भी टमाटर की आवक बढ़ी है जिसके परिणाम स्वरूप थोक मंडी में टमाटर 30 से 40 रुपये किलो थोक भाव में बिका जबकि मंगल पड़ाव सब्जी मंडी में टमाटर 60 रुपये किलो के भाव बिका। सब्जी विक्रेता नीटू माहेश्वरी ने बताया कि मंगलवार तक टमाटर 80 रुपये किलो तक बिका।
पहाड़ से आलू कम आने की वजह से इसके दाम 15 रुपये किलो से बढ़कर 20 रुपये किलो पहुंच गए। मैदानी क्षेत्र से आ रहा कोल्ड स्टोरेज का आलू 15 रुपये किलो बिका। बरसात शुरू होने के बावजूद बृहस्पतिवार को हरी सब्जियों के भाव नहीं बढ़े तथा पूर्ववत ही रहे। इधर, आलू फल आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष जीवन सिंह कार्की के मुताबिक रामगढ़ से आ रहा सेब थोक में 40 रुपये किलो बिका। दूसरी ओर मैदानी क्षेत्र का टमाटर अभी भी इससे 20 रुपये किलो महंगा बिक रहा है।
--
सब्जी मंडी में सब्जियों के भाव
- मैदानी आलू - 15 रुपये किलो
- भिंडी - 20 रुपये किलो
- बैंगन - 15 रुपये किलो
- बींस - 40 रुपये किलो
- लौकी - 15 रुपये किलो
- शिमला मिर्च - 60 रुपये किलो
- करेला - 25 रुपये किलो
- कटहल - 30 रुपये किलो
- प्याज - 15 रुपये किलो