नैनीताल। बीडी पांडे अस्पताल में जल्द ही जीर्णोद्धार का काम शुरू होने जा रहा है। इस दौरान शौचालय की मरम्मत, नवीनीकरण, शेल्टर निर्माण के साथ ही सीवर लाइन की सफाई कराई जाएगी। डीएम सविन बंसल की पहल के बाद यह काम शुरू होने हैं।
बीडी पांडे अस्पताल के प्रभारी पीएमएस डॉ. केएस धामी के अनुसार जल्द ही अस्पताल के जीर्णोद्घार का काम शुरू किया जाएगा। इस संबंध में बीते बुधवार को जिलाधिकारी बंसल ने अधिकारियों के साथ बैठक की थी। बैठक में जल संस्थान की ओर से तीन लाख में शिविर लाइन की मरम्मत और आरईएस की ओर से नौ लाख में शौचालय की मरम्मत और नवीनीकरण के साथ ही 10 लाख में शेल्टर का निर्माण होगा।
कंपनी को पैसा जारी
डॉ. धामी ने बताया कि जल संस्थान को तीन लाख और आरईएस कंपनी को 40 फीसदी पैसा दिया जा चुका है। जल्द की बीडी पांडे पुरुष अस्पताल में काम शुरू हो जाएगा। ऑपरेशन थियेटर में सीवर लाइन का पानी आने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह समस्या भी अब दूर हो जाएगी।
2012 से अस्पताल के खाते में 27 लाख की धनराशि डंप पड़ी थी। इस कारण शासन से पिछले तीन साल से फंड नहीं मिल पा रहा था। वर्तमान में इस पैसे को अस्पताल के कार्यों में लगाया जा रहा है। मरीजों के हित को देखते हुए भविष्य में दवा की पूर्ति और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
-सविन बंसल, जिलाधिकारी नैनीताल