हल्द्वानी। होली के बीच रमजान माह का दूसरा जुमा होने के कारण पुलिस पूरी एहतियात बरत रही है। कोतवाली में मंगलवार को दोनों धर्मों के गुरुओं के साथ बैठक कर सद्भाव बनाए रखने पर चर्चा हुई। मुस्लिम धर्म गुरुओं ने जुमे की नमाज का समय बढ़ाते हुए ढाई बजे करने की सहमति दे दी। इससे दोनों त्योहार बिना विघ्न के हो सकेंगे। प्रशासन ने भी इस निर्णय से राहत की सांस ली है।
बनभूलपुरा क्षेत्र की कई मस्जिदों के मौलाना भी इस बैठक में पहुंचे। इसके साथ ही मंदिरों के महंत, शास्त्र के जानकार के साथ ही व्यापारी वर्ग और प्रबुद्ध वर्ग के लोगाें को आमंत्रित किया गया था। बैठक का मुख्य मुद्दा शांति पूर्ण त्योहार मनाना रहा। एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने कहा कि होली आपसी सद्भाव का त्योहार है। इसे सभी मिलजुलकर मनाएं। किसी भी तरह का ऐसा काम न करें जिससे किसी की भावना आहत हो। यदि कोई रंग नहीं खेलना चाहता है तो उससे जबरदस्ती न करें। यदि ऐसा किसी ने किया तो उस पर कार्रवाई होगी। इसी क्रम में जुमे की नमाज का समय बढ़ाने पर चर्चा हुई। एसपी सिटी ने कहा कि नमाज का समय 2:30 बजे की सहमति मिली है। इसके पहले होली का त्योहार भी हो जाएगा। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ने भी अपनी बात रखी।