संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) सहित देश के 52 टाइगर रिजर्वों में एक साथ अक्तूबर माह से बाघों की गणना का कार्य शुरू करेगा। इसकी तैयार हो चुकी है। हर चार वर्ष में बाघों की गणना की जाती है।
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में पिछली बार यह गणना वर्ष 2021 में हुई थी। इसका परिणाम वर्ष 2022 जुलाई में आया था जिसके अनुसार कॉर्बेट पार्क में 261 बाघों की मौजूदगी दर्ज की गई थी।
इस बार गणना अक्तूबर से शुरू होकर करीब छह माह तक चलेगी। इन चार से पांच माह के भीतर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व, कालागढ़ टाइगर रिजर्व के 12 रेंजों में कैमरा ट्रैप के माध्यम से गणना का कार्य किया जाएगा। गणना के लिए कॉर्बेट में 1500 से अधिक कैमरों का प्रयोग किया जाएगा।
गणना का कार्य पहले रामनगर और दूसरे चरण में कालागढ़ क्षेत्र में किया जाएगा। कॉर्बेट पार्क का टाइगर सैल कैमरों में आए बाघों के फोटोग्राफ का विश्लेषण करने के बाद पूरा डाटा एनटीसीए को भेजेगा। एनटीसीए अगले वर्ष 29 जुलाई को यानी बाघ दिवस में देश के टाइगर रिजर्व में मौजूद बाघों का रिजल्ट एक साथ घोषित करेगा।