हल्द्वानी। प्रदेश में कोरोना पर काबू पाने के लिए सरकार ने हर तरह के जतन किए। एंटीजन से लेकर ट्रू नेट जांच से कोरोना संक्रमितों का पता लगाया। मई में रैपिड और आरटीपीसीआर से कुल 70 हजार जांचें की गईं। इस सबके बीच चौंकाने वाली बात यह रही कि एंटीजन जांच का पॉजिटिविटी रेट आरटीपीसीआर से तीन गुना कम रहा। लोगों ने भी लक्षण आने पर आरटीपीसीआर जांच को ही तवज्जो दी। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों से यह बात सामने आई है।
प्रदेश में दस अप्रैल से कोविड के केसों में अप्रत्याशित वृद्धि होने लगी। कोरोना को फैलने से रोकने के लिए पिछले एक महीने में नैनीताल जिले में 22237 लोगों की एंटीजन रैपिड किट से जांच की गई और 2410 पॉजिटिव (10.5 फीसदी) केस आए, जबकि 47570 लोगों की आरटीपीसीआर से जांच की गई और 15208 पॉजिटिव केस (32 फीसदी) आए। नैनीताल में कोविड के केस अधिक आने के बावजूद आरटीपसीआर सैंपल लेने पर ज्यादा फोकस नहीं किया गया, जबकि पड़ोसी जिले ऊधमसिंह नगर में 96627 आरटीपीसीआर जांचें हुईं और 19502 पॉजिटिव केस आए। एंटीजन से 45432 जांचें हुईं और 1278 पॉजिटिव आए।
देहरादून में 142797 जांचें एंटीजन से हुईं और 9008 पॉजिटिव केस आए। आरटीपीसीआर से एक लाख दस हजार की सैंपलिंग में 45330 पॉजिटिव आए। सबसे कम एंटीजन जांच पिथौरागढ़ में केवल 3172 और आरटीपीसीआर सैंपल रुद्रप्रयाग में 17 हजार के करीब लिए गए।
एंटीजन जांच पर डॉक्टर भी नहीं करते हैं भरोसा
हल्द्वानी। एंटीजन रैपिड किट की जांच पर सरकारी से लेकर निजी डॉक्टर तक भरोसा नहीं करते हैं। डॉक्टर इससे बेहतर ट्रूूनेट की जांच को मानते हैं। राजकीय मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर ने कहा कि एंटीजन रैपिड किट से जांच तभी पॉजिटिव आती है जब व्यक्ति में वायरल लोड अधिक हो। साथ ही कई ऐसे मामले भी आए कि व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आई और आरटीपीसीआर एवं ट्रूू नेट जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। एंटीजन जांच में निगेटिव रिपोर्ट कई बार गलत ही साबित होती है।
जिला रैपिड जांच रैपिड पॉजिटिव आरटीपीसीआर जांच आरटीपीसीआर पॉजिटिव
अल्मोड़ा 3270 502 36501 6085
बागेश्वर 16357 284 22028 3426
चमोली 10326 1765 30738 5475
चंपावत 11425 983 18320 3589
देहरादून 142797 9008 114734 45330
हरिद्वार 127914 2202 107979 16652
नैनीताल 22237 2410 47570 15208
पौड़ी 9186 1344 30338 7612
पिथौरागढ़ 3172 1142 30156 4469
रुद्रप्रयाग 13151 908 17224 4556
टिहरी 10509 1114 35019 8151
उधमसिंह नगर 45432 1278 96627 19502
उत्तरकाशी 27383 2610 21616 5707
नोट :: यह आंकड़ा एक मई से 31 मई 2021 तक का है।
......
कोविड के केस ज्यादा आ रहे थे, इसलिए एंटीजन से अधिक से अधिक जांच करने को कहा गया था, जिससे परिणाम आने के साथ ही मरीज का इलाज शुरू हो जाए। जांच रिपोर्ट निगेटिव पर भी अगर लक्षण दिख रहे थे तो आरटीपीसीआर की जांच कराई जा रही थी। साथ ही इलाज दिया जा रहा था।
- डॉ. तृप्ति बहुगुणा, स्वास्थ्य महानिदेशक