लालकुआं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इज्जतनगर मंडल से हर शनिवार तीन विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और शहरों के बीच संपर्क और भी बेहतर होगा।
लालकुआं-बंगलूरू सिटी विशेष ट्रेन शनिवार शाम 5:55 बजे लालकुआं से रवाना होगी। बरेली सिटी-काशीपुर विशेष ट्रेन सुबह 7:45 बजे बरेली सिटी से इज्जतनगर, दोहना, भोजीपुरा, देवरनिया, बहेड़ी, किच्छा, लालकुआं, रुद्रपुर होते हुए दोपहर 12:30 बजे काशीपुर जंक्शन पहुंचेगी। काशीपुर-बरेली सिटी विशेष ट्रेन वापसी में काशीपुर से दोपहर 1:35 बजे चलकर शाम 5:45 बजे बरेली सिटी पहुंचेगी। रेलवे के अधिकारियों का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को त्योहारों और सप्ताहांत के दौरान यात्रा के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे। यह पहल न केवल यात्रा को सुगम बनाएगी बल्कि क्षेत्र के पर्यटन और व्यापार को भी नई गति देगी। संवाद