रामनगर कोटद्वार में वन विभाग की टीम द्वारा पकड़े गए आरोपी व बरामद वन्यजीवों की खाल व हड्डियां। अ?
- फोटो : RAMNAGAR
रामनगर (नैनीताल)। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की एसओजी टीम ने कोटद्वार में वन्यजीवों की खाल एवं हड्डियों के साथ महिला सहित तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन तस्करों से एसओजी टीम पूछताछ कर रही है। इनके अन्य साथियों की तलाश भी की जा रही है।
वाइल्ड क्राइम कंट्रोल ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) लैंसडाउन वन विभाग एवं कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की एसओजी टीम ने रविवार को कोटद्वार में मुखबिर की सूचना पर शेड्यूल वन का वन्यजीव सिराव की खाल एवं अन्य वन्यजीवों की हड्डियां और नाखून बरामद किए। साथ ही इनकी तस्करी करने वाले पाटीसैड़ निवासी राजेश, टैक्सी चालक कमलेश एवं मेधालखान पौड़ी निवासी महिला मीनाक्षी को भी पकड़ा।
सूत्रों के अनुसार तस्करों से तेंदुए की हड्डियां और नाखून मिले है, हालांकि वन विभाग अन्य जांच के बाद तस्वीर साफ होने की बात कह रहा है।
बता दें कि पिछले काफी समय से कॉर्बेट में बावरिया गिरोह के घुसपैठ की आशंका के चलते वन विभाग की ओर से सतर्कता बरती जा रही थी। इसी सतर्कता के चलते ही कोटद्वार में वन विभाग की टीम ने तस्करों को पकड़ा है। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक राहुल ने बताया कि पकड़े तस्करों से टीम पूछताछ कर रही है। इनके और भी साथी होने की आशंका है। उनकी भी तलाश के निर्देश दिए गए हैं।