हल्द्वानी। ड्यूटी ऑफ रेस्ट में कटौती को लेकर रोडवेज के चालक-परिचालकों का पारा चढ़ गया। रविवार दोपहर चालक-परिचालक भड़क गए और सामूहिक अवकाश की चेतावनी के साथ हल्द्वानी बस स्टेशन में एकत्रित हो गए। देर शाम तक निगम प्रबंधन के साथ वार्ता चलती रही। वार्ता विफल होने पर चालक और परिचालक अनिश्चितकाल छुट्टी पर चले गए।
परिवहन निगम मुख्यालय से ड्यूटी ऑफ रेस्ट में कटौती का आदेश आया। जैसे ही इस आदेश की जानकारी रोडवेज कर्मियों को हुई, उनमें आक्रोश पनप गया। निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चालक-परिचालक हल्द्वानी बस स्टेशन में एकत्रित हो गए। कर्मचारियों ने एक सुर में सामूहिक अवकाश की चेतावनी दी डाली। बाद में करीब 45 चालक और परिचालकों ने मेडिकल लीव के लिए प्रार्थना पत्र दे दिया। इनमें परिचालक ज्यादा थे। सीजन के समय में चालक-परिचालक सामूहिक अवकाश पर चले गए। बस स्टेशन में वरिष्ठ स्टेशन इंचार्ज मधुसदन मिश्रा और एआरएम के बीच काफी देर तक बहस भी हुई। इधर एआरएम सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि स्थिति को संभालने का पूरा प्रयास किया गया और कर्मचारियों से लगातार बात की जा रही है। इधर चालक-परिचालकों ने बताया कि यात्री सीजन के दौरान वे लगातार काम कर रहे हैं। बसों की संख्या बढ़ रही है लेकिन चालक और परिचालकों की संख्या कम है। कुछ चालकों का कहना है कि वह मानसिक दबाव भी झेल रहे हैं। सोमवार को कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया है।