कालाढूंगी (नैनीताल)। पुलिस ने गेबुआ में हुई चोरियों का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है। उनके पास से चोरी का माल भी बरामद किया गया है।
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि रामनगर में आरटीओ ऑफिस में प्रशासनिक अधिकारी द ग्रेट वालिया और धमोला निवासी जीतू कंबोज ने कालाढूंगी थाने में 23 जुलाई को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि लॉकडाउन के दौरान वह अपने गेबुआ स्थित घर में नहीं जा सके थे। 23 जुलाई को जब घर पहुंचे तो ग्रिल टूटी थी। घर से एसी, पानी की मोटर, पंखे, इनवर्टर, गैस सिलिंडर, कुर्सियां आदि सामान गायब था। पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज गैरोला के दिशा निर्देशन में प्रभारी चौकी बैलपड़ाव और एसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। थानाध्यक्ष महंत ने बताया कि चोरी में तीन लोगों को शामिल पाया गया। जिसमें बंदरजुड़ा बैलपड़ाव निवासी गुरप्रीत सिंह, बन्नाखेड़ा बाजपुर निवासी कुलदीप और पतापानी बैलपड़ाव निवासी सतपाल सिंह को शनिवार की शाम गिरफ्तार किया गया। चौकी प्रभारी दिनेश चंद जोशी ने बताया कि गुरप्रीत सिंह कई घटनाओं में शामिल रहा है। कुछ साल पहले रामनगर में हुए खनन कारोबारी वीरेंद्र मनराल की हत्या में भी जेल में जा चुका है।