नैनीताल। पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर कुमाऊं विश्वविद्यालय ने तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार 19 मई से 21 मई तक सभी परिसरों और विभागों में शोक प्रभावी रहेगा। कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि खंडूड़ी का विकास, सुशासन और जनसेवा में योगदान अविस्मरणीय है। पूर्व मुख्यमंत्री की अंत्येष्टि के सम्मान में 20 मई को विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन और सभी परिसरों के कार्यालय बंद रहेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छात्रहितों को देखते हुए पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही संपन्न कराई जाएंगी।