हल्द्वानी। मुखानी पुलिस ने व्यापार मंडल पदाधिकारी के घर पर पथराव करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दो अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस इन्हें पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
बता दें कि सोमवार को पांच युवकों ने व्यापार मंडल पदाधिकारी की दुकान और घर पर पथराव किया था। एसएसपी पीएन मीणा ने बताया कि गैस गोदाम रोड स्थित रेशमबाग इलाके में ज्योति अवस्थी की दुकान पर सोमवार तड़के करीब तीन बजे कुछ लड़कों ने पथराव कर तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से पथराव करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बताया कि आरोपी मुकेश अग्रवाल निवासी कमलुवागांजा की मोबाइल शॉप है। वहीं आरोपी अक्षत निवासी कमलुवागांजा और सुमित निवासी धौलाघट सोमेश्वर दोनों ही निजी कॉलेज में स्नातक के छात्र हैं। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दुकान के बाहर शोर कर रहे थे। जब इन्हें टोका तो आरोपियों ने पथराव करते हुए गालीगलौज शुरू कर दी। सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि दो फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।