रामनगर। ग्राम मालधान में तमंचों के बल पर बाइक से जा रहे पिता-पुत्र के साथ मारपीट और लूट मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तुमड़िया डैम-2 मालधन चौड़ निवासी सुरजीत सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 अप्रैल वह बेटे के साथ बाइक से हाथीडंगर से अपने घर की ओर आ रहे थे। रास्ते में दो स्कूटी में सवार चार लोगों ने सूनसान इलाके में उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उन पर तमंचे तानते हुए 10 हजार रुपये और उनके बेटे का मोबाइल फोन लूटा और फरार हो गए। पुलिस ने मामले में देवीपुर मालधन चौड़ निवासी आयुष चांयल, मालधन निवासी प्रिंस कुमार, मटकोट अल्मोड़ा निवासी अनिल बिष्ट को आमपोखरा रेंज के पास से गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 7200 रुपये, स्कूटी और तीन तमंचे बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक फरार आरोपी साहिल बिष्ट की तलाश की जा रही है।
साहिल के पैर में लगी गोली
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना को अंजाम देने के बाद भागने की अफरातफरी में एक तमंचे से फायर हुआ और साहिल के पैर में छर्रे लग गए। तीनों आरोपी उसे लेकर रामनगर अस्पताल पहुंचे। उपचार के दौरान जैसे ही जानकारी मिलते ही स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंचने से पहले ही आरोपी अस्पताल से फरार हो गए।
——-
आरोपियों के खिलाफ लूट समेत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। शनिवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार एक आरोपी की तलाश की जा रही है।
- सुशील कुमार, कोतवाल, रामनगर