अल्मोड़ा। द्वाराहाट क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने दिल्ली के समुदाय विशेष एक परिवार पर उनकी बेटी का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पहले मुस्लिम युवक उनकी बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। अब वह और उसका परिवार उनकी बेटी पर धर्म बदलने या 10 लाख रुपये देने का दबाव बनाकर मारपीट करते हैं। बेटी की स्थिति को देखते हुए वह उसे घर लेकर आ गए हैं। दिल्ली से वह लोग रोज फोन कर जान से मारने की धमकी और रुपयों की मांग कर रहे हैं।
रविवार को द्वाराहाट थाने में दी तहरीर में एक व्यक्ति ने कहा कि समिरुल इस्लाम निवासी 308 पुरिया मोहल्ला तुगलकाबाद बदरपुर दक्षिणी दिल्ली ने मेरी पुत्री को शादी का झांसा देकर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया। वर्ष 2022 में समिरुल इस्लाम उनकी पुत्री के साथ इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क में आया और बहला फुसलाकर दिल्ली ले गया। इस मामले में वाद मुकदमा किशोर अपराध न्यायालय में चला था।
समिरुल इस्लाम ने उनकी पुत्री से दोबारा संपर्क कर उसे शादी का झांसा देकर 25 नवंबर 2024 को अपने साथ दिल्ली ले गया। उसने उसका यौन शोषण, मारपीट, गालीगलौज की। आरोप है कि समिरुल और उसकी मौसी मौसमी खातून और नाना खोकन सरकार व नानी मेरी पुत्री पर इस्लाम धर्म कबूल करने और बदलकर मुस्लिम नाम रखने का दबाव डाल रहे हैं।
समिरूल और उसके परिवार के लोगों ने उनकी बेटी से मारपीट भी की। आरोप है कि उन्होंने इस्लाम धर्म कबूल नहीं करने पर दस लाख रुपये की मांग की है। बताया कि पांच मई को मेरी पुत्री ने मुझे फोन करके अपनी स्थिति बताई और दिल्ली गया। पुत्री की स्थिति देखी तो उसे गोविंदपुरी (तुगलकाबाद) थाने में लेकर गया। यहां तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
सात मई 2025 को वह बेटी को घर लेकर आ गए। इसके बाद से समिरूल और उसकी मौसी मौसमी खातून मेरी पुत्री को लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे है।
कोट-
द्वाराहाट क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी है। मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। - देवेंद्र पींचा, एसएसपी अल्मोड़ा।