हल्द्वानी। खांसी, जुकाम और बुखार के लक्षण वालों को कोरोना टीका नहीं लगाया जाएगा। एक वॉयल से दस लोगों को टीका लगेगा। प्रत्येक व्यक्ति को 0.5 एमएल डोज लगाई जाएगी। कोविड टीका कोविशील्ड को लेकर टीकाकरण करने के संबंध में 168 कर्मियों को दो चरणों में राजकीय मेडिकल कॉलेज के लेक्चर थियेटर में एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने प्रशिक्षण दिया। 16 जनवरी को पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को महिला अस्पताल हल्द्वानी, मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी और बीडी पांडे महिला अस्पताल नैनीताल में कोविड का टीका लगाया जाएगा।
नोडल एवं एडीएम प्रशासन केएस टोलिया ने कहा कि टीकाकरण के दौरान किसी भी तरह की गलती को माफ नहीं किया जाएगा। मास्टर ट्रेनर और एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि पहला कक्ष टीका लगवाने वालों के लिए प्रतीक्षा कक्ष, दूसरा कक्ष टीकाकरण के लिए एवं तीसरा कक्ष टीकाकरण के बाद 30 मिनट तक लाभार्थी की निगरानी के लिए होगा। कक्षों में सोशल डिस्टेंसिंग के मानकों का भी पूर्ण अनुपालन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। टीकाकरण केंद्रों पर बायोमेडिकल वेस्ट के निस्तारण को कलर कोडेड बैग पर्याप्त मात्र में उपलब्ध रहेंगे। प्रतीक्षा और निगरानी कक्ष में पर्याप्त संख्या में बेड एवं कुर्सी की होंगे।