कैलास मानसरोवर यात्रियों को इस बार वेलकम ड्रिंक के तौर पर मट्ठा नहीं, बल्कि बुरांश का जूस दिया जाएगा। इसके अलावा कैलास यात्रियों का स्वागत महिलाओं से न कराकर बच्चों से कराने का निर्णय लिया है। स्वागत के बाद इन बच्चों के द्वारा ही भजन भी गाए जाएंगे।
12 जून से शुरू हो रही कैलास मानसरोवर यात्रा को लेकर केएमवीएन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार केएमवीएन कैलास यात्रियों का स्वागत बुरांश के जूस से करेगा। जबकि हर साल मट्ठा वेलकम ड्रिंक के तौर पर दिया जाता था। टीआरसी काठगोदाम के प्रबंधक रमेश चंद्र पांडे ने बताया कि इस बार इंडियन डिस के साथ कुमाऊंनी डिस को तरजीह दी जाएगी। टीआरसी में रंगरोगन का काम चल रहा है। यात्रा शुरू होने से पहले सभी काम पूरे कर लिए जाएंगे।
जीएम जीएस मर्तोलिया ने बताया कि इस बार 1180 यात्रियों ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। कैलास मानसरोवर यात्रा में इस बार 18 दल शामिल होंगे। प्रत्येक दल में एलओ समेत 60 यात्रियों के शामिल होने की संभावना है। दल 12 जून को दिल्ली से चलेगा और अल्मोड़ा में रात्रि विश्राम करेगा। हल्द्वानी में दोपहर में दल का स्वागत किया जाएगा। इस बार पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा में बच्चे यात्रियों का स्वागत करेंगे। यात्रा रूट में यात्रियों को कुमाऊंनी व्यंजन परोसा जाएगा। इसमें भट्ट की चुड़कानी, पहाड़ी रायता आदि प्रमुख होगा। उन्होंने बताया कि उच्च हिमालयी क्षेत्रों में यात्रियों को दक्षिण भारतीय भोजन देने की भी योजना है।