हल्द्वानी। गौलापार क्षेत्र में इस समय एक ऐसा गिरोह सक्रिय है जो रात में काले रंग की महंगी कार से निकलता है और सड़क किनारे या पेट्रोल पंप पर पार्क ट्रक, डीसीएम समेत अन्य वाहनों के टैंक से डीजल चोरी कर रफूचक्कर हो जाता है। बीते बृहस्पतिवार की रात चार पहिया वाहन के टैंक से डीजल चोरी करने की घटना सीसीटीवी में कैद हुई। इस मामले की कई बार पुलिस से भी शिकायतें की गईं मगर पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। ट्रांसपोर्ट कारोबारियों ने तेल चोरी करने वाले गिरोह को पकड़कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
दरअसल, पर्वतीय मार्गों पर रात में आवागमन में दिक्कत होने के कारण कई चालक अपने वाहनों को गौलापार में सड़क किनारे या पेट्रोल पंपों पर पार्क कर देते हैं तथा सुबह होने पर पहाड़ के लिए रवाना हो जाते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल पंप पर खड़े वाहनों से तेल चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लंबे समय से चोरी की घटनाएं होने पर हाल ही में पेट्रोल पंप संचालक ने कई सीसी कैमरे लगवा दिए हैं।।
बृहस्पतिवार की रात पेट्रोल पंप पर पार्क डीसीएम के बगल में एक महंगी कार आकर खड़ी हुई। इसमें से तीन युवक निकले। एक रुक गया जबकि दो युवकों ने डीसीएम के पास जाकर खटर पटर की। इसके बाद वह वापस आए और एक युवक ने धानी रंग की पाइप ली और डीसीएम के पास चला गया। बाद में वह गैलन को डिग्गी में रखता हुए सीसीटीवी में दिखाई दिया। पाइप भी पीछे की सीट पर रखा और निकल गया। इस तरह की घटनाएं जगन्नाथ ट्रेडिंग कंपनी खेड़ा, अंबिका फिलिंग स्टेशन, विजय फिलिंग स्टेशन नवाड़ खेड़ा के यहां खड़े वाहनों में ज्यादा हो रही हैं। इसके अलावा कुछ दिन पहले काले रंग की कार से आए युवकों ने गौलापार के पेट्रोल पंप के गार्ड को धमकाकर उसका मोबाइल छीना और भाग गए। यह घटना जनवरी की थी और सीसीटीवी में भी कैद भी हुई।
कोट
वाहनों से तेल चोरी की किसी घटना की जानकारी नहीं है, लेकिन यह मामला गंभीर है। इसकी छानबीन कराकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
प्रकाश चंद्र, एसपी सिटी