रामनगर (नैनीताल)। उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं 27 फरवरी से हो रही है। इस बार प्रश्नपत्रों में बदलाव किया गया है। 12वीं के प्रश्न पत्रों में बहुविकल्पीय प्रश्नों की संख्या 20 फीसदी बढ़ा दी है। 10वीं में रंजन कला विषय में भी विद्यार्थियों को पहली बार लिखित परीक्षा देनी होगी।
बोर्ड ने जनवरी में में अपनी वेबसाइट पर सैंपल पेपर अपलोड कर दिए थे। दो और बड़े बदलाव परीक्षाओं से ठीक पहले किए गए हैं। बोर्ड कार्यालय के शोध अधिकारी शैलेंद्र जोशी ने बताया कि इस वर्ष 12वीं के प्रश्नपत्र में संशोधन किया है। इस बार बहुविकल्पीय प्रश्नों की संख्या में 20 फीसदी का इजाफा किया गया है। ये प्रश्न प्रतियोगिता की दृष्टि से या कथन और निष्कर्ष प्रकार के होंगे। इसके अतिरिक्त केस स्टडी, स्रोत और दक्षता आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। भाषा विषय हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, उर्दू, पंजाबी और बंगाली विषय के प्रश्न पत्रों में बहुविकल्पीय प्रश्नों की संख्या बढ़ेगी। यह परिवर्तन सीबीएसई बोर्ड की तर्ज और नई शिक्षा नीति के तहत किया है। शोध अधिकारी ने बताया कि अब तब 10वीं में रंजन कला (ड्राइंग) के विषय में लिखित परीक्षा नहीं होती थी लेकिन इस वर्ष परीक्षार्थियों को लिखित परीक्षा देनी होगी।
बोर्ड परीक्षाओं के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उत्तर पुस्तिकाएं संकलन केंद्र तक पहुंचा दी गई हैं। इस वर्ष 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 2 लाख 10 हजार 354 परीक्षार्थी शामिल होंगे। 10वीं में 115606 परीक्षार्थी होंगे जिसमे संस्थागत 113281 और व्यक्तिगत 2325 विद्यार्थी हैं। 12वीं में 94748 परीक्षार्थी शामिल होंगे जिसमें 90351 संस्थागत और 4397 परीक्षार्थी व्यक्तिगत हैं।
-वीपी सिमल्टी, अपर सचिव उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद