नैनीताल। कलेक्ट्रेट क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को हल करने के लिए जल्द ही वहां सड़क से नीचे की ओर स्थित आवासों को अन्यत्र शिफ्ट कर उस स्थान को पार्किंग स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा।
बता दें कि कलेक्ट्रेट के विभिन्न कार्यालयों के अलावा जिला जजी क्षेत्र में रोजाना सैकड़ों लोग पहुंचते हैं। इस क्षेत्र में पार्किंग न होने के कारण अधिकांश वाहन तल्लीताल से राजभवन और मल्लीताल को जाने वाली सड़क किनारे खड़े रहते हैं। इससे रोड में आए दिन जाम की स्थिति रहती है। गर्मियों में स्थिति और भी खराब हो जाती है। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि शीघ्र ही कलेक्ट्रेट क्षेत्र में पार्किंग की दिक्कत को हल कराया जाएगा। इसके लिए सड़क के नीचे स्थित कलेक्ट्रेट के आवासों को अन्यत्र शिफ्ट कर उसके स्थान पर पार्किंग स्थल विकसित किया जाएगा। संबंधित विभागीय अधिकारियों को योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं।