हल्द्वानी। वाहन चालकों और व्यापारियों के साथ साथ शहरवासी भी सड़कों पर लावारिस घूमने वाले गोवंश से परेशान हैं। लावारिस गोवंश कहीं यातायात बाधित कर रहे हैं तो कहीं दुपहिया वाहनों से भिड़कर लोगों की जान लेने पर आमादा हैं। भोजन की तलाश में ये पशु खेतों में घुसकर फसलों को भी बर्बाद कर रहे हैं। ऐसे में हर कोई चाहता है कि सड़कों पर मौजूद गोवंश के कारण कोई भी व्यक्ति हादसों का शिकार न हो और इन पशुओं को स्थायी ठिकाना मिले। लोगों ने सड़कों पर गोवंश को छोड़ने वाले लोगों चिह्नित कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है।
पालतू गोवंश के अनुपयोगी साबित होने पर लोग उन्हें सड़कों पर छोड़ देते हैं। ऐसे लोगों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। सड़कों पर मौजूद गोवंश के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। जिम्मेदार विभाग लावारिस गोवंश को पकड़कर गोशाला में भिजवाए ताकि हादसे न हों। - सूरज निवासी जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा
एक तरफ सरकार गो माता को बचाने की बात कहती है। दूसरी ओर सड़कों पर गोवंशीय पशुओं की संख्या में निरंतर इजाफा हो रहा है। सरकार को चाहिए कि वह अतिरिक्त गोशाला बनवाए ताकि लावारिस घूम रहे इन पशुओं को आश्रय मिले और उनकी वजह से होने वाले हादसों पर रोक लगे। - कमल बिष्ट निवासी बद्रीपुरा हल्द्वानी।
कुछ साल पहले तक सड़कों पर एक भी गोवंश नजर नहीं आता था लेकिन आज हर सड़क में लावारिस पशु भटकते हैं। इससे यातायात बाधित होने के साथ ही हादसे भी हो रहे हैं। सरकार को चाहिए कि वह अतिरिक्त गोशालाएं बनवाकर सड़कों पर घूम रहे गोवंशीय पशुओं को आश्रय दे। ओम प्रकाश निवासी पीलीकोठी क्षेत्र
पशु क्रूरता अधिनियम के तहत ऐसा कानून बनाया जाए कि लोग अपने पालतू पशुओं को सड़कों पर न छोड़े। इनकी बढ़ती संख्या को देखते हुए सरकार अतिरिक्त गोशालाएं तैयार कराएं ताकि लावारिस गोवंश को स्थायी ठिकाना मिल सके। गोशालाओं संचालित कर रही संस्थाओं को भी पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाए। - निर्मला जोशी निवासी करायल जौलासाल