पीरूमदारा। पीरूमदारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से एलोपैथिक चिकित्सक नहीं हैं। इस कारण लोगों को रामनगर के सरकारी या निजी अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ रही है। यहां हर दिन 50 से 70 की ओपीडी होती है। धर्मपुर औलिया, थारो, टांडा, दुलेपुरी समेत 30 गांव के लोग इलाज के लिए यहां पहुंचते हैं लेकिन एलोपैथिक डॉक्टर की तैनाती न होने से उन्हें निराशा मिलती है। वर्तमान में यह केंद्र केवल दो आयुष डॉक्टरों के भरोसे चल रहा है। सीएमओ डॉ. हरीश पंत ने बताया कि एलोपैथिक चिकित्सक के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा है। जल्द ही एलोपैथिक चिकित्सक की नियुक्ति की जाएगी।