नैनीताल। नैनीताल से चोरी हुई इनोवा को पुलिस ने कानपुर में एक कबाड़ी के यहां से बरामद कर कबाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। कबाड़ी के पास से चोरी की एक अन्य इनोवा भी बरामद हुई है।
वाहन चोरी मामले का खुलासा करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय थापा ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि शाहजहांपुर के कनपारा जिला पौवांया निवासी विश्वप्रताप सिंह पुत्र राज बहादुर सिंह ने 21 अक्तूबर को तल्लीताल थाने में इनोवा (यूपी 14-बीएस-5700) के तल्लीताल थाना क्षेत्र से चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच उपनिरीक्षक दिलीप कुमार को सौंपी गई थी।
वाहन की बरामदगी के लिए एसएसपी सुनील कुमार मीणा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक राजीव मोहन एवं सीओ विजय थापा के नेतृत्व में पुलिस टीमें गठित की गई, जिसमें एसओजी और तल्लीताल पुलिस को भी शामिल किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों वाहन चोरी मामले में गिरफ्तार किए गए परवेज अहमद निवासी झांसी और रियासत खान निवासी जालौन यूपी से पूछताछ की गई तो दोनों ने बताया कि इनोवा (यूपी 14-बीएस-5700) को उन्होंने नैनीताल से चुराया और कानपुर क्षेत्र के सरोजनी नगर निवासी कबाड़ी विशाल जायसवाल को बेचा था।
सीओ थापा ने बताया कि ये जानकारी मिलने पर उपनिरीक्षक दिलीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम को कानपुर भेजा गया, जहां टीम ने कबाड़ी विशाल जायसवाल की दुकान से नैनीताल से चोरी गई इनोवा के अलावा किसी अन्य स्थान से चोरी गई एक और इनोवा को बरामद किया। साथ ही कबाड़ी को चोरी का वाहन खरीदने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। सीओ ने बताया कि कबाड़ी विशाल ने परवेज एवं रियासत से चोरी की इनोवा खरीदने की बात कबूलते हुए बताया कि वह स्क्रैब वाहनों को खरीदकर उन्हें काटने के बाद कबाड़ में बेचने का काम करता है। आरोपी के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वाहन चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम
वाहन चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में निरीक्षक अबुल कलाम प्रभारी एसओजी, थानाध्यक्ष विजय मेहता, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल राजाराम, त्रिलोक रौतेला, जितेंद्र कुमार।