हल्द्वानी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में गौलापार के युवाओं ने इस बार नशे के खिलाफ मतदान किया। देवला तत्ला, देवला मल्ला, बागजाला, खेड़ा, कुंवरपुर आदि गांव के अधिकतर युवाओं का कहना था कि क्षेत्र में अवैध तरीके से नशीले पदार्थों का धंधा हो रहा है। इस कारण युवा पीढ़ी तेजी से नशे की गिरफ्त में आ रही है। इससे लोगों के घर बर्बाद हो रहे हैं। कहा कि जो भी प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य बने, वह नशे पर रोक लगाएं।
क्षेत्र में नशा करने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। जिन प्रत्याशियों ने नशे के खिलाफ कदम उठाने की बात कही थी, मैंने उन्हें अपना वोट दिया।
- मोनिका नौला, गौलापार।
युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आ रही है। इसी को ध्यान में रखकर मतदान किया। मैं चाहता हूं कि जो भी पंचायत प्रतिनिधि बने वे इसके खिलाफ कार्य करें।
- अभय फत्र्याल, गौलापार।
तमाम कोशिशों के बाद भी नशे पर रोक नहीं लग रही है। मैंने यही सोचकर वोट किया कि इस बार जो भी जीतकर आएं, वे इस समस्या का समाधान करें।
- लोकेश कनवाल, गौलापार।
मैंने आज पहली बार वोट दिया। गांव-गांव में नशा करने वाले लोगों की संख्या बढ़ रही है। पंचायत प्रतिनिधि गांव की रीढ़ होते हैं, उन्हें इसके प्रति जागरूक होना पड़ेगा।
- पीयूष नौला, गौलापार।