रुद्रपुर में नशेड़ी मजदूर ने गोबर के गड्ढे में डुबोकर पत्नी की जान ले ली। वारदात के बाद वह मौके से भाग गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें यूपी भेजी गई हैं। मूल रूप से करनई, सुखपुरा जिला बलिया (यूपी) निवासी आजाद राजभर करीब तीन वर्ष पहले शिमला पिस्तौर स्थित एक फॉर्म हाउस में नौकरी करने के लिए आया था। वह फॉर्म हाउस में बनी झोपड़ी में अपने परिवार के साथ रहता था। आजाद के बेटे सूरज ने बताया कि पिता आए दिन नशा करके घर आता था।
मां की पिटाई भी करता था। सूरज के अनुसार शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह नशा करके घर आया और मां रानी कुमारी (40) की पिटाई करने लगा। इसके बाद उसने फार्म हाउस में बने गोबर के गड्ढे में रानी को धकेल दिया। इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो सिर गोबर में डुबोकर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
सूरज ने पड़ोसी के जरिये रात करीब एक बजे पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को गड्ढे से बाहर निकाला। सूचना पर एसपी सिटी मनोज कत्याल भी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मामले की पूछताछ की। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
दूसरी शादी की थी आजाद ने
बताया जा रहा है कि रानी आजाद की दूसरी पत्नी थी। पहली पत्नी की करीब 22 साल पहले मृत्यु होने पर उसने दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी के बच्चे बलिया में रहते हैं। रानी के तीन बेटे और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है।
आरोपी की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। गिरफ्तारी के लिए बाहरी क्षेत्रों में पुलिस टीमें भेजी जा रही हैं। पुलिस को सूरज की ओर से तहरीर भी मिल गई है।
-मनोज कत्याल, एसपी सिटी