रामनगर। बीते तीन दिनों हो रही बारिश के बाद मंगलवार देर रात से रामनगर समेत पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश हो रही है। इसके चलते कोसी नदी का जलस्तर भी कई गुना बढ़ गया है। कोसी बैराज में इस साल का सबसे अधिक 38 हजार क्यूसेक पानी बैराज में आया है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि कोसी बैराज की क्षमता एक लाख 80 हजार क्यूसेक पानी की है। बताया कि सुबह चार बजे 38787 क्यूसेक पानी कोसी बैराज पर आया था। पानी का जलस्तर कम होते हुए शाम छह बजे तक 30 हजार क्यूसेक पहुंच गया। उन्होंने बताया कि अल्मोड़ा बैराज से सुबह 11 बजे 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है जो कि देर रात तक कोसी बैराज में पहुंचेगा। संवाद