हल्द्वानी सिटी फॉरेस्ट के नाम पर दीवार पर तार लगा, गेट बना
तराई केंद्रीय वन प्रभाग के हल्द्वानी रेंज अंतर्गत शीशमबाग में सिटी फॉरेस्ट बनाने की योजना है। इसके लिए जंगलात को एक करोड़ रुपये मिले हैं, पर काम के नाम पर पुरानी दीवार पर प्लास्टर, तारबाड़ और गेट लगाए जाने जैसे छिटपुट काम ही हो पाए हैं। इसी तरह टांडा रेंज के संजय वन को भी विकसित करने की योजना थी, इसके लिए भी जोरशोर से जंगलात ने बड़ा प्रोजेक्ट बनाया। बताया जाता है कि पांच करोड़ की योजना बनाई, पर इसके लिए बजट का इंतजार है। यहां बीच में जिला योजना से मिली कुछ राशि से बैंबू हट समेत कुछ कार्य हुए हैं।
यहां समय सीमा पूरी हो चुकी, पर काम पूरा होना बाकी
जिले में कई योजनाएं हैं, जिनकी समय सीमा पूरी हो चुकी है पर काम पूरा नहीं हो सका है। ब्रिडकुल को रामपुर रोड (गदरपुर-दिनेशपुर-मदकोटा हल्द्वानी मार्ग) को चौड़ा करने समेत अन्य कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। करीब 22 किमी लंबे मार्ग पर काम पूरा होने की समय सीमा सितंबर-2023 रखी गई, जिसे बढ़ाकर दिसंबर-2023 किया गया, पर अभी तक काम पूरा नहीं हो सका है। वर्तमान में पुलिया निर्माण से जुड़े कार्य, डक बनाने, टाइल्स लगाने का काम हो रहा है। अभी डामरीकरण होना बाकी है।
क्या कहते हैं अधिकारी
तराई पूर्वी वन प्रभाग के डीएफओ हिमांशु कहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय चिड़ियाघर के लिए संस्था का चयन किया जा चुका है, उसे डीपीआर बनाने की जिम्मेदारी भी दी जा चुकी है। नैनीताल वन प्रभाग के डीएफओ चंद्रशेखर जोशी कहते हैं कि जमरानी बांध निर्माण के लिए पेड़ों का छपान होना है। इसके लिए रेंज अफसर को निर्देशित किया गया है। पेड़ों के छपान के बाद वन निगम को कटान का आदेश जारी किया जाएगा। मुख्य वन संरक्षक प्रसन्न पात्रो कहते हैं कि सिटी फॉरेस्ट के लिए काम चल रहा है, इसमें कुछ काम हुआ भी है। संबंधित योजना के लिए बजट की कमी नहीं है।
जमरानी बांध के लिए टेंडर प्रक्रिया को शुरू किया गया है, इस परियोजना से जुड़ी जो भी दिक्कत हैं, उन्हें दूर किया गया है। इसके अलावा अन्य योजनाओं पर भी काम चल रहा है।
- अजय भट्ट, रक्षा एवं पर्यटन राज्यमंत्री।