हल्द्वानी। रोडवेज के आसपास उचक्के फिर सक्रिय हो गए हैं। सोमवार रात उचक्कों ने दो यात्रियों को लूट लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उचक्कों की तलाश कर रही है। कोतवाली से 200 मीटर की दूरी पर घटना होने से पुुलिस की गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।
अल्मोड़ा निवासी कृपाल सिंह बिष्ट सोमवार रात घर जाने के लिए रोडवेज स्टेशन पर वाहन का इंतजार कर रहे थे। इस बीच बाइक पर सवार दो युवक उसके पास आए। दोनों अल्मोड़ा जाने की बात कहकर यात्री को केमू स्टेशन की तरफ ले गए। कृपाल सिंह ने बताया कि केमू स्टेशन के पास एक युवक ने उसके मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ दिया। इससे पहले कि वह संभल पाता कि दूसरे युवक ने उस पर चाकू तान दिया। इसके बाद दोनों आरोपी कृपाल का मोबाइल और पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में 9600 रुपये नगदी और कागजात मौजूद थे।
वहीं, दूसरी घटना पिथौरागढ़ जिले के सिलौनी निवासी चंद्र प्रकाश के साथ हुई। घर जाने के लिए चंद्र प्रकाश प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी में बैठ गया। इस बीच चालक पैदल ही अन्य सवारियों की तलाश में निकल गया। चंद्र प्रकाश का कहना है कि रात करीब दो बजे उसके पास दो युवक आए। एक ने सिगरेट के धुएं का छल्ला उसके मुंह पर उड़ा दिया। फिर बदमाशों ने उसकी पेंट पर ब्लेड मारा और जेब से पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में 13700 रुपये, एटीएम कार्ड और अन्य जरूरी कागजात थे। दोनों पीड़ितों ने घटना से कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। इस बीच मंगलवार को पुलिस को चंद्र प्रकाशके पर्स में रखे कागजात राजपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर पड़े मिले। चालक के साथ रोडवेज स्टेशन पहुंचे चंद्र प्रकाश ने एक बदमाश को पहचाना और दबोचकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पीड़ित ने कुछ ही देर में दूसरे संदिग्ध बदमाश को भी दबोचा लिया। हालांकि पुलिस को सौंपने से पहले बदमाश कोतवाली गेट से फरार हो गया। चंद्रप्रकाश काम की तलाश में लामाचौड़ स्थित अपने परिचित के घर आया था। एसएसआई कैलाश नेगी का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पुलिस पूछताछ कर रही है।