सुहानी के शो में सुहानी और रैपर रफ्तार को मैजिक दिखाते साहिल।
- फोटो : सोशल मीडिया
नैनीताल शहर की सड़कों और सोशल मीडिया पर अपने अनोखे मैजिक से लोगों का ध्यान खींचने वाले साहिल की मेहनत अब रंग लाने लगी है। साहिल को प्रसिद्ध मेंटलिस्ट सुहानी ने मुंबई में अपने शो के लिए आमंत्रित किया जहां साहिल ने अपनी मैजिक कला का प्रदर्शन कर सभी को हैरान कर दिया। शो के दौरान साहिल के किए गए मैजिक के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस शो में मशहूर रैपर रफ्तार भी मौजूद थे। साहिल के मैजिक से वह भी काफी प्रभावित हुए।
मूल रूप से राजस्थान जयपुर के रहने वाले साहिल बीते कुछ समय से रामनगर में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। वह अपने पिता रुक्सान अली के साथ अलग-अलग जगहों पर जाकर मैजिक दिखाते हैं। इसी मैजिक दिखाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने साहिल की मदद करने के लिए एक ट्वीट किया। अमर उजाला संवाददाता ने साहिल से वीडियो पर बातचीत की जिसे लाखों लोगों ने पसंद किया। सोशल मीडिया से साहिल को नई पहचान मिली। इसी पहचान के चलते प्रसिद्ध मेंटलिस्ट सुहानी ने साहिल को अपने शो में बुलाया। शो में साहिल ने अपने खास अंदाज में मैजिक प्रस्तुत किया।
उन्होंने अपने प्रदर्शन से दर्शकों को चौंका दिया। साहिल के मैजिक का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स उनकी प्रतिभा की सराहना कर रहे हैं। साहिल की इस सफलता के पीछे उनके पिता रुक्सान अली की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। साहिल की बढ़ती लोकप्रियता से उनके परिवार और परिचितों में भी खुशी का माहौल है। उनके पिता ने कहा कि साहिल की मेहनत रंग लाई। साहिल को मिली पहचान से परिवार की राह आसान हो जाएगी। साहिल को अच्छी शिक्षा के साथ उसे एक बेहतर इंसान बनाऊंगा।