बारिश के चलते नौकुचियाताल झील लबालब हो गई है। आलम यह है कि झील के आखिरी छोर चनौती में पानी सड़क किनारे बने समर सेट तक आ पहुंचा है। लोगों का कहना है कि यदि रात में भी लगातार बरसात हुई तो पानी चनौती में पार्किं स्थल तक आ जाएगा।
क्षेत्र के पर्यटन व्यावसाइयों ने झील से पानी की निकासी कराने की मांग की है, ताकि समर सेट में पहुंचने वाले सैलानियों को दिक्कत न हो।
नौ कोनों वाली नौकुचियाताल झील के आखिरी छोर चनौती में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। सैलानियों के लिए झील से लगभग डेढ़ फुट ऊपर सड़क किनारे समर सैट बनाया गया है, जहां से सैलानी झील का दीदार करने के साथ साथ नौकायन भी करते हैं।
मंगलवार की दोपहर बाद हुई मूसलाधार बारिश के चलते नौकुचियाताल झील का जलस्तर इतना बढ़ गया कि चनौती छोर में बने समर सेट तक पानी पहुंच गया। देर शाम समर सेट में आधा फीट पानी था। क्षेत्र के बोट यूनियन अध्यक्ष दुर्गादत्त पलड़िया ने सिंचाई कार्य मंडल नैनीताल के अधीक्षण अभियंता को फोन पर स्थिति की जानकारी दी।
पलड़िया समेत पर्यटन व्यवसायी पूरन चंद्र भट्ट, कमल बेलवाल, नवीन पलड़िया, हरीश चंद्र भट्ट से नौकुचियाताल झील से पानी की निकासी कराने की मांग की है। पर्यटन व्यवसाइयों का कहना है कि यदि इसी तरह बारिश होती रही तो चनौती में सड़क पर मौजूद पार्किंग स्थल तक झील का पानी पहुंच जाएगा जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
सिंचाई विभाग के एसडीओ डीसी पंत ने बताया नौकुचियाताल झील से ही कमलताल को पानी की निकासी की जाती है। कमलताल के लिए अभी तक कम पानी छोड़ा जा रहा था, लेकिन नौकुचियाताल झील का जल स्तर बढ़ने की सूचना मिलते ही शाम साढ़े छह बजे के करीब कमलताल को पर्याप्त पानी की निकासी कर दी गई है।
बुधवार की सुबह तक नौकुचियाताल झील का जलस्तर सामान्य स्थिति में पहुंच जाएगा।