नैनीताल। भैया दूज पर्व और दीपावली मनाने के बाद लोगों के गंतव्य को लौटने के चलते बृहस्पतिवार को तल्लीताल बस स्टैंड पर यात्रियों की भीड़ रही। हालांकि दिन तक व्यवस्थाएं सामान्य रहीं। दोपहर ढाई बजे के बाद बसों की कमी से सीट पाने के लिए मारामारी रही। टेंपो ट्रेवलर में सीट के लिए लोगों में धक्कामुक्की की स्थिति भी बन गई। बसों की कमी देख टैक्सी चालकों ने 150 रुपये प्रति सवारी के बजाय 250 रुपये लिए। नियमित यात्रा करने वाले लोगों ने बताया कि पर्व के दौरान यह दिक्कत बढ़ जाती है। बसों की कमी पर सीनियर स्टेशन इंचार्ज धर्मानंद जोशी ने हल्द्वानी में अधिकारियों से संपर्क किया। कुछ देर बाद दो बसों का संचालन बढ़ाया गया जिससे राहत मिली। कुछ बसों के फेरे भी बढ़ाए गए।