हाईकोर्ट के निर्देश के बावजूद प्रतिबंधित क्षेत्र में फड़ व्यवसायी कारोबार फैलाए हैं। शनिवार रात जिलाधिकारी दीपक रावत ने पंत पार्क से एक फड़ व्यवसायी को टोपी बेचते पकड़ लिया। नाम-पता पूछने के बाद डीएम ने उसे मल्लीताल पुलिस के हवाले कर दिया। डीएम की कार्रवाई को देखते ही अन्य फड़ व्यवसायी भाग खड़े हुए।
हाईकोर्ट के निर्देश पर पंत पार्क में दुकान लगाना और कारोबार करना प्रतिबंधित है। बावजूद इसके नगर पालिका की शह पर फड़ व्यवसायी अपना कारोबार कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने कई बार पालिका के अधिकारियों को हाईकोर्ट के आदेश के प्रति सचेत किया था। फिर भी फड़ कारोबार जारी रहा। शनिवार रात जिलाधिकारी खुद जांच के लिए सड़क पर उतर गए। उन्होंने पंत पार्क से ब्रेसाइड मल्लीताल निवासी फड़ व्यवसायी ओम प्रकाश को टोपी बेचते हुए पकड़ लिया। मल्लीताल पुलिस फड़ व्यवसायी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।