उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की ओर से 75 छात्र संख्या वाले स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जबकि प्रयोगात्मक परीक्षा के लिये दस छात्र संख्या वाले स्कूलों को ही केंद्र बनाया है। पिछले साल हाईस्कूल, इंटर की बोर्ड परीक्षा में 1304 बनाए गए थे। लेकिन इस बार 1317 केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें 26 अतिसंवेदनशील, 245 संवेदनशील केंद्र हैं।
परिषद के सचिव डॉ. डीके मथेला ने बताया परीक्षा केंद्र कम ज्यादा होने के पीछे छात्रों की संख्या मुख्य मानी जाती है। परीक्षा केंद्र उसी विद्यालय को बनाया जाता हैं जहां कम से कम 75 बच्चे शिक्षा गृहण करते हों। उन्होंने बताया जहां पिछले साल छात्र संख्या 75 या इससे अधिक रही होगी और इस बार कम हो गयी है तो वहां परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गये हैं।
उन्होंने बताया हरिद्वार में 82, देहरादून में 138, उत्तरकाशी में 66, टिहरी में 152, पौड़ी में 160, चमोली में 104, रुद्रप्रयाग में 66, पिथौरागढ़ में 96, चंपावत में 39, अल्मोड़ा में 146, बागेश्वर में 54, नैनीताल में 114, ऊधमसिंह नगर में 100 केंद्र बनाए गए हैं।