नैनीताल। नगर पालिका की ओर से मल्लीताल अंडा मार्केट के पास स्थित पालिका आवासों को दुरुस्त किया जा चुका है। 3.63 लाख रुपये से कर अधीक्षक, कर निरीक्षक, मुख्य सफाई निरीक्षक के आवासों की मरम्मत की जा चुकी है। पालिका अभियंता विपिन कुमार ने बताया कि भवन की छत, दीवारों को ठीक करने के साथ शौचालयों को भी दुरुस्त किया जा चुका है। नगर पालिका में कार्यरत अधिकारियों के आवास खस्ताहाल थे। अधिकारियों की आवासीय दिक्कत को देखते हुए पालिका ने बोर्ड फंड से भवनों को ठीक कराया है। पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने बताया कि अधिकारियों को बेहतर भवन मिलने के बाद पालिका के कार्यों को भी गति मिलेगी।