हल्द्वानी। राजस्थान का एक गिरोह लॉकडाउन के बीच शराब बेचने के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा है। जांच में पता चला है कि पैसा लेने के बाद वह शराब की आपूर्ति नहीं करता है। सोशल मीडिया में भी एक शराब के लिए एक नंबर उपलब्ध कराया है। जांच में पता चला कि ठग का नंबर कोलकाता का है।
नैनीताल के लोगों से राजस्थान का एक ठग गिरोह सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क कर रहा है। उसने फेसबुक पर पोस्ट किया है कि लॉकडाउन के चलते जब नैनीताल बंद है तो उनकी ओर से जारी नंबर पर कॉल करने के बाद अच्छे ब्रांड की शराब उचित कीमत पर मिल जाएगी। शहर के कुछ लोगों ने उन नंबर पर संपर्क किया। कुछ लोगों ने अच्छे ब्रांड की शराब के लिए ठग के खाते में पैसे भी डाल दिए, लेकिन शराब उपलब्ध नही हुई।
ठगी का पता चलने के बावजूद किसी ने थाने में लिखित शिकायत नहीं की। हालांकि मौैखिक शिकायत करने पर एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने सोशल मीडिया के माध्यम से हो रहे प्रचार की जांच कराई। जांच से पता चला कि फेसबुक पर अपना नंबर पोस्ट करने वाला राजस्थान के एक ठग गिरोह का सदस्य है। उसने लोगों को ठगने के लिए कोलकाता से खरीदे गए सिम और नंबर का इस्तेमाल किया है। पुलिस का कहना है कि यदि शिकायत आएगी तो ठग गिरोह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।