पुलिस कार्यालय में चालान छुड़ाने के लिए काउंटर पर खड़े लोग।
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने के मामले में किए गए चालान अब पुलिस के लिए ही सिरदर्द बन गए हैं। पुलिस ने 40 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन करने की कार्रवाई के लिए चालान कागज आरटीओ को भेजे मगर वहां से तकनीकी कमी बताकर वापस कर दिए हैं। इस कारण चालान भरने की कार्रवाई न होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। वे चालान भरने और अपने वाहन छुड़ाने के लिए आरटीओ और पुलिस कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उनकी कोई नहीं सुन रहा।
पुलिस और सीपीयू की ओर से चेकिंग के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस के दो पहिया वाहन चलाना, ओवर स्पीड वाहन चलाना और दो पहिया वाहन पर तीन सवारी होने पर चालान काटने की कार्रवाई की जाती है। चालान काटने के बाद दस्तावेजों को पुलिस आरटीओ कार्यालय को भेज देती है। पुलिस ने पिछले दिनों इसी तरह के मोटर व्हीकल एक्ट में करीब 40 चालान किए थे। पुलिस ने चालान कागजातों के साथ आरटीओ कार्यालय भेजे थे जिन्हें आरटीओ कार्यालय ने लौटा दिया। इसमें कई ऐसे चालान भी थे जिनके तीन महीने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जाने थे। इधर, आरटीओ कार्यालय द्वारा चालान के कागजात लेने से मना करने पर इनका निस्तारण नहीं हो पा रहा है। सोमवार को ही इसी तरह का एक मामला सीओ सिटी महेंद्र धौनी के सामने भी आया था। उन्होंने भी आरटीओ कार्यालय से चालान कागजात लौटाने की बात कह कर असमर्थता जता दी। पुलिस भी चालान कागजातों का निस्तारण न होने से परेशान है। मामला आला अफसरों के सामने ले जाने की बात कही जा रही है। पुलिस कार्यालय को आरटीओ की ओर से स्पष्ट रूप से कह दिया गया है कि केवल ई-चालानों का निस्तारण किया जाएगा।
तकनीकी दिक्कतों की वजह से पुलिस को चालान वापस किए गए थे। पुलिस की ओर से जो भी ई चालान कार्यालय के पास आते हैं उनमें पूरी जानकारी होने पर विभाग को उचित कार्रवाई करने में दिक्कत नहीं होती मगर जो चालान मैनुअली आ रहे हैं उनमें पूरी डिटेल नहीं होती है जिसके कारण उनके निस्तारण में दिक्कत हो रही है। इस संबंध में पुलिस विभाग को पत्र भी भेजा गया है।
- नंद किशोर, आरटीओ (ई)
पुलिस द्वारा 40 एमबी एक्ट के चालान आरटीओ के पास भेजे गए थे, इनका निस्तारण करने का अधिकार आरटीओ को ही है लेकिन आरटीओ कार्यालय से चालान कागजात वापस कर दिए गए। आरटीओ ने केवल ई-चालान भेजने को कहा है। इस वजह से चालान का निस्तारण नहीं हो सका है तथा लोग रोजाना पुलिस कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। इस संबंध में एसएसपी को जानकारी दे दी गई है।
- भूपेंद्र सिंह धौनी, सीओ सिटी