भीमताल (नैनीताल)। ग्राम पंचायत जमरानी में रविवार को गौलाघाटी विकास मंच व जमरानी बांध प्रभावित संघर्ष समिति की ओर से बांध निर्माण से प्रभावित हो रहे ग्रामीणों के साथ बैठक की। बैठक में ग्रामीणों ने विभिन्न मांगों को हल कराने के लिए डीएम को ज्ञापन भेजा।
उन्होंने नदी के दोनों ओर बसे भूस्खलन प्रभावित खदरीखांड, पनियामेहता, रौशिल जाला, अना अमियां, डहरा, गाजा, जमरानी, सलानीजाला, भौर्सा में सुरक्षात्मक कार्य करने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजना बनाने की मांग की। बांध निर्माण से लगे क्षेत्र के गांवों में जंगली जानवरों की आवाजाही रोकने के लिए तारबाड़ और सोलर लाइटों की व्यवस्था करने, बांध निर्माण में स्थानीय लोगों को रोजगार और उनके वाहनों को निर्माण कार्यों में लगाया जाए।
ग्रामीणों ने समस्या हल करने के लिए जिलास्तरीय सक्षम अधिकारी की अध्यक्षता में समन्वय समिति का गठन कर प्रभावित ग्रामों के परिवारों को चिह्नित करने की मांग उठाई। इस दौरान समिति अध्यक्ष धमेंद्र शर्मा, संयोजक हरीश पांडे, पूरन शर्मा, लक्ष्मी दत्त, सदानंद, दीपक पांडे, उमेश पांडे, देवकीनंदन, प्रेम सिंह मेहरा, पंकज पलड़िया, नीरज पलड़िया, हरीश शर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद