हल्द्वानी। पानी नहीं आने की सूचना देने के लिए जारी नंबर मंगलवार को बंद रहने से उपभोक्ता परेशान रहे। ऐसे में साबरी मस्जिद इलाके में टैंकर नहीं आने की शिकायत लोग दर्ज नहीं करा सके और उन्हें पेयजल संकट झेलना पड़ा। अधिकारियों का दावा कि दोपहर बाद तकनीकी दिक्कत के चलते नंबर बंद रहा। शाम होते ही नंबर खुल गया था।
जल संस्थान ने एक अप्रैल से पेयजल संकट संबंधी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूम बनाने के साथ नंबर जारी किया था। साबरी मस्जिद क्षेत्र में कई घरों में चार दिन से पानी नहीं आ रहा है। साथ ही दुर्गा मंदिर क्षेत्र में भी दिक्कत बनी हुई है। पूर्व पार्षद शकील सलमानी, भगवती देवी, नासिर, रेश्मा का कहना है कि मंगलवार को कंट्रोल रूम का नंबर स्विच ऑफ रहा। ऐसे में उन्हें गर्मी के बीच पानी के इंतजाम के लिए भटकना पड़ा।
शिकायत कक्ष में चलाया जा रहा है कंट्रोल रूम
जल संस्थान ने कंटोल रूम के लिए नंबर तो जारी कर दिया लेकिन कमरे की व्यवस्था नहीं कर पाया। वर्तमान में विभाग इसे शिकायत कक्ष में चला रहा है। जल संस्थान के ईई आरएस लोशाली का कहना है कि वर्तमान में विभाग के अधिकतर अधिकारी कर्मचारियों की चुनाव में ड्यूटी लगी हुई है। ऐसे में कंट्रोल रूम को फिलहाल शिकायत कक्ष में संचालित किया जा रहा है। दोपहर दो बजे बाद तकनीकी दिक्कत आ गई थी। शाम के समय सेवा दुरुस्त हो गई।