हल्द्वानी। ग्राम सभा प्रेमपुर लोश्ज्ञानी में महालक्ष्मी विहार फेज-वन का ट्यूबवेल की मोटर फुंकने से पेयजलापूर्ति ठप हो गई है। इससे पांच हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। नलकूप खंड त्योहार से श्रमिकों के लौटने के बाद ही इसकी मरम्मत करा पाएगा। ऐसे में लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
आरटीओ रोड स्थित महालक्ष्मी विहार में नलकूप खंड के ट्यूबवेल से रोजाना गोविंदपुर गरवाल, आनंदपुर, लालपुर नायक, उदयलालपुर आदि आबादी वाले क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति की जाती है। सामाजिक कार्यकर्ता रमेश सुयाल ने बताया कि त्योहार के मौके पर ट्यूबवेल खराब होने से लोग परेशान हैं। कोई सुनवाई नहीं कर रहा है। नलकूप खंड की अवर अभियंता आरती ने बताया कि ट्यूबवेल की मरम्मत जल्द शुरू की जाएगी।
यूपीसीएल का वसूली अभियान कल से
हल्द्वानी। दीपावली त्योहार निपटने के बाद यूपीसीएल वसूली अभियान चलाएगा। विद्युत वितरण खंड के ईई प्रदीप कुमार ने बताया कि जगह-जगह उपभोक्ता शिविर लगाने का शेड्यूल जारी किया गया है। शिविरों के जरिए राजस्व वसूली के साथ ही उपभोक्ताओं की समस्या का समाधान किया जाएगा। शिविर की शुरुआत शुक्रवार से होगी। यह क्रम 31 अक्तूबर तक चलेगा। पहले दिन धोबीधाट राजपुरा, काल टैक्स काठगोदाम, कुंवरपुर चौराहा गौलापार, बनभूलपुरा थाना निकट आजादनगर व मंडी गेट में शिविर लगेंगे। इसमें बिजली बिलों को भी ठीक किया जाएगा।