राजकीय मेडिकल कालेज प्रशासन ने एसटीएच मार्ग में जगह जगह लगाए चेतावनी बोर्ड।
हल्द्वानी। अतिक्रमण से तंग आ चुके राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने एसटीएच के बाहर सड़क किनारे दस चेतावनी बोर्ड लगा दिए हैं। बोर्ड में अवैध गतिविधियां, व्यापार, वाहन पार्किंग, अतिक्रमण आदि करने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
एसटीएच के मुख्य गेट से राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के मुख्य गेट और आईटीआई तिराहे से स्वामी राम कैंसर अस्पताल तक 1.702 हेक्टेयर वन भूमि पर मेडिकल कॉलेज का स्वामित्व है। इस मार्ग पर वाहन पार्किंग के अलावा फड़, ठेले आदि गतिविधियां होने से मरीजों को अस्पताल आने जाने में दिक्कत के साथ जाम से जूझना पड़ता है। हाल में नगर निगम ने एसटीएच के बाहर से अतिक्रमण भी हटाया था लेकिन फड़ कारोबारी फिर काबिज होने लगे हैं। इसे देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने एसटीएच से लेकर मेडिकल कॉलेज तक करीब दस चेतावनी बोर्ड लगाए हैं। प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।