नैनीताल। भवाली रोड पर टैक्सी वाहनों से यात्रा करने वालों को महंगाई का करंट लग गया है। अब नैनीताल से भवाली तक यात्रा करने वालों को 30 की जगह 50 रुपये चुकाने होंगे। अतिरिक्त पार्किंग शुल्क लगने की वजह से किराया बढ़ाया गया है। हालांकि टैक्सी चालक अब 13 की केवल 10 सवारियां वाहन में ले जाएंगे।
नैनीताल से भवाली की दूरी 11 किलोमीटर है। यहां से रोडवेज बसों के अलावा टैक्सी वाहनों का संचालन होता है। प्रशासन ने नैनीताल से भवाली का किराया पहले 30 रुपये तय किया था। टैक्सी चालक एक फेरे में 13 सवारियां ले जाते थे। इधर, संभागीय परिवहन विभाग ने यूनियन को किराया बढ़ाने की मंजूरी दे दी है। इसके साथ भवाली रोड पर किराया 30 की जगह प्रति सवारी 50 रुपये कर दिया गया है। इधर, छावनी क्षेत्र में वाहन खड़े करने पर अब दो हजार रुपये प्रतिमाह प्रति वाहन मांगे जा रहे हैं। आरटीओ गुरदेव सिंह ने बताया कि लंबे समय से उनका किराया नहीं बढ़ाया गया था। टैक्सी चालकों को पार्किंग शुल्क देना पड़ रहा है। विशेष परिस्थितियों को देखते हुए किराया बढ़ाया गया है। भवाली टैक्सी यूनियन उपाध्यक्ष संजय लोहनी ने बताया कि एआरटीओ की सहमति से किराया बढ़ाया गया है।