नैनीताल। गैस सिलिंडर की किल्लत का असर सीधे आम आदमी की थाली पर होने लगा है। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति में कमी और बढ़ती कीमतों के चलते चाय के साथ अन्य खाद्य पदार्थों के आइटम के दामों में 5 से 10 रुपये इजाफा कर दिया है। इस वृद्धि से उन उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा जो पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे हैं।
कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति ठप होने के बाद खानपान के कारोबार से जुड़े कारोबारी प्रभावित हो रहे हैं। होटल और रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि गैस की अनुपलब्धता के कारण उन्हें अपना व्यवसाय चलाना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में, लागत को पूरा करने और लाभ बनाए रखने के लिए, उन्होंने विभिन्न व्यंजनों के दामों में 5 से 10 रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह वृद्धि विशेष रूप से उन छात्रों और आम नागरिकों के लिए चिंता का विषय है जो अक्सर इन जगहों पर भोजन करते हैं।
शादियों में जलीं भट्ठियां
गैस सिलिंडर की बढ़ती किल्लत का असर शादियों जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों पर भी पड़ रहा है। खासकर, होटल और बैंक्वेट हॉल संचालकों के लिए यह स्थिति चुनौती बन गई है। गैस की अनुपलब्धता के कारण, अब शादियों के व्यंजनों को पारंपरिक चूल्हों और भट्ठियों पर तैयार किया जा रहा है। नैनीताल के कुछ होटलों में शादियों के लिए बुकिंग पहले से की गई थी, ऐसे में तय मैन्यू के हिसाब से भट्ठियां जलाकर खाने की पूर्ति की गई है।
..............
नैनीताल में रसोई गैस गोदाम पर छापा, सीधे सिलिंडर देने पर फटकार
नैनीताल। गैस सिलिंडर की कमी के लिए फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को खाद्य पूर्ति अधिकारी सुरेंद्र सिंह बिष्ट ने नारायण नगर स्थित इंडेन गैस के गोदाम पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान सामने आया कि गोदाम से कुछ लोगों को सीधे गैस सिलिंडर दिए जा रहे थे। इस पर खाद्य पूर्ति अधिकारी ने कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिलिंडरों का वितरण केवल एजेंसियों के माध्यम से ही किया जाए। बिष्ट ने कहा कि गोदाम से सीधे सिलिंडर देने से भीड़ बढ़ती है और अव्यवस्था फैल सकती है। उन्होंने उपभोक्ताओं को संबंधित गैस एजेंसियों के माध्यम से ही सिलिंडर उपलब्ध कराने को कहा ताकि वितरण प्रणाली सुचारु रहे। खाद्य पूर्ति अधिकारी ने गोदाम में रखे गैस सिलिंडरों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में रसोई गैस की कमी नहीं है। बिष्ट ने लोगों से अपील की कि वे गैस सिलिंडर की कमी पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें।