नैनीताल। नगर पालिका स्वास्थ्य समिति की बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा उठान व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर चर्चा की गई। कहा कि घर-घर कूड़ा उठान व्यवस्था से ही शहर को कूड़ेदान मुक्त बनाया जा सकता है। बैठक में इसका संकल्प भी लिया गया।
पालिका सभागार में हुई बैठक में स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष रमेश प्रसाद ने कहा कि नैनीताल में लगभग दो दशक पूर्व घर-घर कूड़ा उठान की पहल शुरू हुई। हालांकि कई बार निजी संस्थाओं की ओर से बेहतर कार्य भी किए गए, लेकिन इसे पूर्ण प्रभावी बनाए जाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से पहल करनी होगी। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मशक्तु एवं मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कुमार की मौजूदगी में पर्यावरण मित्रों की सुरक्षा और जन-स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। बैठक में शहर के सभी सार्वजनिक कूड़ेदानों और ढलानों पर बने ओपन डंपिंग प्वाइंट्स को पूरी तरह खत्म किया जाना तय हुआ। नई व्यवस्था के तहत गीले-सूखे कूड़े के लिए अलग कंटेनर एवं कूड़ा कलेक्शन वाहनों की जरूरत महसूस की गई। तय हुआ कि सिंगल यूज प्लास्टिक के बढ़ते उपयोग की रोकथाम को सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर सभासद भागवत सिंह रावत, जितेंद्र पांडे, अंकित चंद्रा, राकेश पंवार, सुरेंद्र कुमार, गजाला कमाल, काजल आर्या, मनोज साह जगाती, सफाई निरीक्षक आकाश कुमार आदि रहे।