प्रदेश में सत्ता को लेकर मचे सियासी घमासान के बीच जिस वक्त हाईकोर्ट में प्रदेश की राजनीति को लेकर महत्वपूर्ण बहस चल रही थी, ठीक उसी वक्त प्रदेश के निवर्तमान मुख्यमंत्री हरीश रावत अचानक सरोवर नगरी आ पहुंचे। इससे पहले कि रावत के आने की खबर उनके समर्थकों तक पहुंचती रावत का उड़न खटोला वापस दून को उड़ गया।
जानकारी के मुताबिक निवर्तमान सीएम हरीश रावत गुरुवार की शाम लगभग तीन बजकर पंद्रह मिनट पर यहां सेंट जोसेफ कालेज के मैदान में हेलीकाप्टर से उतरे। दरअसल रावत न्यायालय में उस प्रार्थना पत्र में हस्ताक्षर करने आए थे जिसमें उनकी ओर से कहा गया था कि सबसे बड़ी विधायक पार्टी होने के नाते उन्हें दावा पेश करने के लिए बुलाया जाए।
प्रार्थनापत्र में प्रतिवादी यूनियन आफ इंडिया को बनाया गया है। एकाएक बने इस पत्र में हस्ताक्षर करने के लिए हरीश रावत को तत्काल नैनीताल बुलाया गया था। जिसके बाद न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया गया। बताया जाता है कि शपथपत्र में हस्ताक्षर करने के बाद उनके साथ में पूर्व मंत्री नव प्रभात शपथ पत्र को लेकर हाईकोर्ट रवाना हो गए थे।
रावत जल्दबाजी में हेलीकाप्टर से नैनीताल पहुंचे और प्रार्थनापत्र में हस्ताक्षर कर लगभग आधे घंटे में लौट गए। स्कूल के प्रधानाचार्या पीटर इमेन्युअल ने बताया कि निवर्तमान सीएम हरीश रावत ने उनके कार्यालय में कई दस्तावेजों में हस्ताक्षर भी किए। इस दौरान उन्होेंने वहां स्कूली बच्चों से हाथ मिलाया और बच्चों को दुलारा। रावत ने स्कूल के प्रधानाचार्या पीटर इमेन्युअल के अलावा स्टाफ से मुलाकात की। बाद में रावत का उड़न खटोला देहरादून को उड़ गया।